लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद। राजसमंद जिले के भावा गांव में अल सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पैंथर घर के पास बने बाड़े में घुस गया और वहां बंधे बछड़े पर हमला कर दिया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता के चलते पैंथर का हमला नाकाम रहा और बछड़े की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार भावा गांव में बंशीलाल गुर्जर के घर के पास बने बाड़े में मवेशी बंधे हुए थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक पशुओं के रंभाने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर बंशीलाल, हिमांशु, रामलाल, मोहनलाल सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि पैंथर ने बछड़े के जबड़े को अपने मुंह में दबा लिया था, लेकिन जैसे ही बाड़े में रोशनी की गई और लोगों की हलचल बढ़ी, पैंथर घबरा गया और बछड़े को छोड़कर दीवार फांदकर जंगल की ओर भाग निकला।
हमले में बछड़ा घायल हो गया, जिसका पशुपालक एवं पूर्व उपसरपंच बंशीलाल गुर्जर ने पशु चिकित्सा कर्मी प्रियंका सोलंकी से प्राथमिक उपचार करवाया।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले भी गांव के देवरे के पास एक भैंस के बच्चे को पैंथर शिकार बना चुका है। वहीं क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों को भी खेतों की ओर जाने वाले रास्तों पर पैंथर दिखाई दे चुका है।
लगातार आबादी क्षेत्र के आसपास पैंथर की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से पशुओं के साथ-साथ मानव जीवन पर भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर पैंथर को जल्द पकड़ने की मांग की है।
