लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र में देवली और उपरली देवली गांव के बीच स्थित एक खेत के पास करीब 40 फीट गहरे कुएं में एक बाइक दिखाई देने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कुंवारिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे बाइक को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार, गलवा के पूर्व उपसरपंच मांगीलाल पूर्बिया ने बताया कि गोपीलाल कुमावत के खेत स्थित कुएं में किशन कुमावत ने एक बाइक देखी, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल कुंवारिया थाना पुलिस को दी गई।
सूचना पर बीट प्रभारी हेड कांस्टेबल यशपाल सिंह मीणा, कांस्टेबल सुनील एवं पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से रस्सी की सहायता से बाइक को कुएं से बाहर निकाला गया।
जांच में बाइक स्प्लेंडर प्लस निकली। प्रारंभिक आशंका है कि अज्ञात व्यक्ति चोरी की बाइक को सबूत मिटाने की नीयत से कुएं में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है तथा उसके मालिक का पता लगाने के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर किशनलाल, प्रेम जाट, मदनलाल कुमावत सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।