लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा में डैमेज हुआ ही नहीं तो कंट्रोल कैसा?, कांग्रेस अपने घर की कलह संभाले:— मदन राठौड़
भाजपा व्यक्ति आधारित नहीं, विचार और संगठन आधारित पार्टी, यहां पद से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा राष्ट्र, हर कार्यकर्ता की ये ही सोच:— मदन राठौड़
जयपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस में टिकट वितरण के बाद सामने आए घमासान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता छोड़कर पहले अपने घर में मचे बवाल का जवाब देना चाहिए। राठौड़ ने भाजपा में नाराजगी और डैमेज की चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा में कहीं कोई नाराजगी नहीं है। डैमेज हुआ ही नहीं तो कंट्रोल कैसा? हमारे यहां योग्य लोगों की कोई कमी नहीं है। जो लोग रह गए हैं, जब वे यह समझते है कि नेशन फर्स्ट है, तो वे पार्टी के लिए तत्पर रहकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यक्ति आधारित नहीं, विचार और संगठन आधारित पार्टी है। यहां पद से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा राष्ट्र है। जिन लोगों ने टिकट की अपेक्षा की थी, वे भी पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और आने वाले समय में संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करती है। जयपुर में पार्षद का टिकट नहीं मिलने के बाद युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद कांग्रेस में चल रही खींचतान बाहर आ गई। राठौड़ ने कहा कि जो कांग्रेस ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देती थी, उसी कांग्रेस में अगर एक महिला कार्यकर्ता को अपने राजनीतिक अधिकार की टिकट के लिए यह बताना पड़े कि उसने विधायक के लिए व्यक्तिगत रूप से क्या किया, तो इससे ज्यादा शर्मनाक स्थिति और क्या हो सकती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिला सशक्तिकरण के नारों और जमीन पर अपने व्यवहार के बीच का अंतर जनता को समझाना चाहिए। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि टिकट कार्यकर्ता की योग्यता, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण से मिलता है या फिर व्यक्तिगत समीकरणों और एहसानों के हिसाब से?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की संगठनात्मक ताकत और जनता के विश्वास पर मोहर लगेगी। भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव मैदान में जनता के बीच है, जबकि कांग्रेस टिकटों के बंटवारे और आपसी खींचतान में उलझी रही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की अंतर्कलह, टिकटों की खींचतान और कार्यकर्ताओं में असंतोष यह दिखाता है कि पार्टी जमीन पर अपना आधार खो चुकी है। बीकानेर में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के टिकटों के वितरण को लेकर मारपीट कार्यकर्ताओं के असंतोष को उजागर करती है। राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव के आने वाले परिणाम कांग्रेस के लिए चेतावनी है, प्रदेश की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप और अंतर्कलह नहीं, विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व चाहती है। भाजपा इसी विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है।
