लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झाड़ोल की ग्राम विकास चौपाल में किसानों को दी सौगातें, युवाओं को नियुक्तियां और ग्रामीणों की मांगों पर मौके पर ही स्वीकृतियां
उदयपुर/जयपुर।(रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र के ग्राम बीड़ा में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना गांव, किसान और खेत-खलिहान की समृद्धि से ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों, युवाओं और ग्रामीणों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये दिए जा रहे हैं, वहीं राजस्थान सरकार अतिरिक्त 3 हजार रुपये की सम्मान निधि उपलब्ध करा रही है। इससे प्रदेश के किसानों को अब कुल 9 हजार रुपये वार्षिक सम्मान निधि मिल रही है।
उन्होंने बताया कि अब तक 76.18 लाख किसानों को 13,734 करोड़ रुपये की सम्मान निधि वितरित की जा चुकी है। इसके अलावा गेहूं खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस, 1.80 लाख किसानों को 67 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त अल्पकालीन फसली ऋण, पीएम फसल बीमा योजना के तहत 2.19 करोड़ पॉलिसियां तथा 9,534 करोड़ रुपये का क्लेम किसानों को दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े सुधार कर रही है। पीएम कुसुम योजना के तहत 67,408 सोलर पंप लगाए गए हैं तथा 2.31 लाख से अधिक कृषि बिजली कनेक्शन जारी किए गए हैं। किसानों को राहत देने के लिए बिजली बिलों में 59,571 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 26 जिलों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है।
युवाओं को पारदर्शी भर्ती का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सत्ता संभालते ही पेपरलीक मामलों पर रोक लगाने के लिए एसआईटी का गठन किया और एसओजी लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं तथा सरकार चार लाख सरकारी नौकरियां देने के अपने संकल्प को पूरा करेगी। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार के लिए भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है।
ग्रामीणों की मांगों पर मौके पर ही मंजूरी
ग्राम विकास चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। किसान गोपीलाल की मांग पर गांव बीड़ा में कुएं के निर्माण के लिए करीब 39 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति तत्काल जारी की गई। इसके तहत जीएसएलआर, ओपन वेल, पाइपलाइन और एफएचटीसी कार्य होंगे।
इसके अलावा पशु सखी की मांग पर सरस डेयरी सेंटर तथा युवा भगवती लाल गायरी की मांग पर खेल मैदान की स्थापना की घोषणा भी मौके पर ही स्वीकृत की गई। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
किसानों और युवाओं ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में किसान गोपीलाल, रतन सिंह, प्रेमचंद, भैरूलाल गरासिया और कांता देवी ने प्राकृतिक खेती एवं सरकारी योजनाओं से मिले लाभ के अनुभव साझा किए। वहीं नवनियुक्त युवाओं परिधि कंवर, भगवती लाल गायरी और देवी लाल गायरी ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और पेपरलीक पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। पशुपालकों ने भी सरकार की योजनाओं की सराहना की।
जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सांसद मन्नालाल रावत, विधायक प्रताप लाल भील, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।