Home latest विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर गूंजा नवकार मंत्र, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल

विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर गूंजा नवकार मंत्र, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर नागौर में श्री ओसवाल न्यात की पोल, कांच के मंदिर के पास सकल जैन समाज के तत्वावधान में भव्य आयोजन किया गया। सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं और बच्चों ने सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप कर विश्व शांति और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की।

कार्यक्रम में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष ज्ञानचंद सिंधवी, उपाध्यक्ष सुरेश ललवानी सहित कई प्रमुख समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न जैन संघों के पदाधिकारी और धर्मप्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस अवसर पर साध्वी विद्याशा श्रीजी म.सा. ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए नवकार महामंत्र की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह जैन धर्म का सबसे पवित्र और सार्वभौमिक मंत्र है, जिसे मंत्रों का रत्न कहा जाता है। यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और साधु जैसे श्रेष्ठ गुणों की वंदना करता है। इसके जाप से आत्मशुद्धि, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

कार्यक्रम के अंत में साध्वी श्रीजी द्वारा मांगलिक पाठ का श्रवण कराया गया। मंच संचालन सुरेश ललवानी ने किया।

इस अवसर पर 11 लकी ड्रॉ भी निकाले गए, जिनके पुरस्कारों का लाभ ज्ञानचंद अर्जुन कुमार सिंघवी परिवार ने लिया। कार्यक्रम के समापन पर श्री जैन श्वेताम्बर सकल जैन समाज नागौर द्वारा प्रभावना का वितरण किया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version