लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल): स्वतंत्रता सेनानी और महिला आश्रम संस्था की निर्वतमान अध्यक्षा स्व. सुशीला देवी माथुर की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर संस्था के प्रबंधन पदाधिकारियों, स्टाफ सदस्यों, छात्राओं और भीलवाड़ा के गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया।
महिला आश्रम संस्था की छात्राओं ने श्रद्धांजलि गीतों के माध्यम से स्व. सुशीला माथुर को याद किया। संस्था सचिव वंदना माथुर ने कहा कि स्व. सुशीला माथुर का संपूर्ण जीवन नारी शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित रहा। उनकी प्रेरणा से महिला आश्रम संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। संस्था की डायरेक्टर विभा माथुर ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. सुशीला माथुर के जीवन से प्रेरणा लेकर ही छात्राएं देश और विदेशों में उच्च एवं प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।
कार्यक्रम में भीलवाड़ा ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट, महिला आश्रम संस्था के कोषाध्यक्ष प्रमोद तिवारी, पूर्व अध्यक्ष कैलाश व्यास, पूर्व सभापति नगर परिषद ओम नराणीवाल, पूर्व सरपंच देबबक्श जाट समेत अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महिला आश्रम संस्था की विभिन्न प्रवृत्तियों में शिक्षा और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 70 छात्राओं को प्रेरणा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिवचरण माथुर विकास एवं सेवा संस्थान की ओर से पिंकी जाट और पूजा शर्मा को नकद पुरस्कार भी दिया गया।
कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्व. सुशीला देवी माथुर की याद में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल उनकी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान को याद करने का अवसर रहा, बल्कि युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
