लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
23 जुलाई तक ‘राजधरा ऐप’ से होगा डिजिटल सर्वे, राजनीतिक प्रतिनिधित्व समेत 19 सवालों के आधार पर तैयार होगी रिपोर्ट
जयपुर | सत्यनारायण सेन गुरला
राजस्थान में स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों से पहले अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर गुरुवार से राज्यव्यापी डिजिटल महा-सर्वे शुरू हो गया। राजस्थान राज्य पिछड़ा वर्ग (राजनीतिक प्रतिनिधित्व) आयोग की ओर से कराया जा रहा यह सर्वे 10 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक चलेगा। इसके लिए 51,168 प्रगणकों की तैनाती की गई है, जो घर-घर जाकर पूरी तरह डिजिटल माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे।
‘राजधरा ऐप’ से होगा पेपरलेस सर्वे
सर्वे के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विकसित ‘राजधरा सर्वे मोबाइल ऐप’ का उपयोग किया जा रहा है। सभी प्रगणकों को मौके पर ही ऑनलाइन डेटा दर्ज करना होगा। प्रत्येक कर्मचारी को औसतन 250 से 300 परिवारों का सर्वे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
19 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी
आयोग ने पंचायती राज और शहरी निकायों के लिए अलग-अलग सर्वे फॉर्म तैयार किए हैं, जिनमें कुल 19 प्रश्न शामिल हैं। इन सवालों के माध्यम से परिवार के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। सर्वे में यह भी पूछा जाएगा कि परिवार का कोई सदस्य सांसद, विधायक, राज्यसभा सदस्य, सरपंच, वार्ड पंच, प्रधान, जिला परिषद सदस्य, मेयर या पार्षद रहा है या नहीं।
आरक्षण तय करने में होगी अहम भूमिका
आयोग के अनुसार सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सुप्रीम कोर्ट के ‘ट्रिपल टेस्ट’ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं में ओबीसी आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगामी चुनावों में आरक्षित सीटों का अंतिम स्वरूप तय होगा।
चुनाव कार्यक्रम पर भी पड़ेगा असर
आयोग की अंतिम रिपोर्ट अगस्त के दूसरे सप्ताह में राज्य सरकार को सौंपे जाने की संभावना है। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों की तिथियों की घोषणा करेगा।
सर्वे पूरा होने तक तबादले रोकने की मांग
आयोग के सचिव अशोक कुमार जैन ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मांग की है कि सर्वे कार्य में लगे 51 हजार से अधिक कर्मचारियों को 23 जुलाई तक उनके वर्तमान कार्यस्थल से कार्यमुक्त या स्थानांतरित नहीं किया जाए, ताकि सर्वे कार्य निर्धारित समय में बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।
