लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
विधानसभा – नावां | जिला – डीडवाना कुचामन
रिपोर्टर – मनीष पारीक
नावां के अंबेडकर भवन में आयोजित दो दिवसीय दिव्यांगजन कैंप का आज समापन हो गया। कैंप के दौरान कुल 136 दिव्यांगजनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जिसमें से 106 लोगों के दिव्यांग कार्ड बनाकर उन्हें लाभान्वित किया गया। दूसरे दिन 90 दिव्यांगजन ने पंजीकरण कराया और 77 लोगों के कार्ड बनाये गए।
डीडवाना जिले के जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर आयोजित इस कैंप का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक दस्तावेज़ उपलब्ध कराना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था। कैंप में नावां सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजनों ने भाग लिया और जांच कराकर कार्ड बनवाए।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि पहले दिन 46 दिव्यांगजनों का पंजीकरण हुआ, जिसमें 29 लोगों के कार्ड बनाये गए और 7 लोगों को उच्च संस्थान में जांच हेतु रेफर किया गया। दूसरे दिन अधिक भीड़ रही, जिससे कुछ अव्यवस्थाएं उत्पन्न हुईं। सूचना मिलते ही डॉ. सौरभ जैन और डॉ. श्रवण नायक मौके पर पहुँचे और व्यवस्था को दुरुस्त कर लोगों को राहत प्रदान की।
दिव्यांगजनों ने कैंप का लाभ मिलने पर जिला कलेक्टर और चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने की मांग चली आ रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने यह पहल की।
कैंप की सफलता ने दिव्यांगजनों के बीच राहत और संतोष का वातावरण पैदा किया है तथा उन्हें योजनाओं से लाभान्वित होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।