Home latest मुंडियागढ़ में आध्यात्मिक ज्ञान योग प्रशिक्षण शिविर 27 मई से

मुंडियागढ़ में आध्यात्मिक ज्ञान योग प्रशिक्षण शिविर 27 मई से

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

किशनगढ़ रेनवाल, (नवीन कुमावत)। राष्ट्रीय आध्यात्मिक ज्ञान सेवा केंद्र के तत्वावधान एवं संत सुखदेवजी महाराज के सानिध्य में मुंडियागढ़ स्थित श्री सुखसागर सेवा धाम में 27 मई से पांच दिवसीय आध्यात्मिक ज्ञान योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर 31 मई तक चलेगा।

शिविर की अध्यक्षता पन्नालाल कुमावत (इंदौर) करेंगे। श्री सुखसागर सेवा धाम के संस्थापक सुखदेवजी महाराज ने बताया कि राष्ट्र एवं समाज की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के साथ युवाओं को दुर्व्यसनों से मुक्त कर आध्यात्मिक ज्ञान एवं चरित्र निर्माण के उद्देश्य से ऐसे शिविर प्रतिवर्ष आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि संत दादू दयाल आश्रम के प्राकृतिक एवं शांत वातावरण में आयोजित होने वाले इस पंच दिवसीय शिविर में 12 वर्ष से अधिक आयु के सैकड़ों साधक भाग लेंगे। शिविर में राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति, नेतृत्व क्षमता, चारित्रिक विकास, संगीत एवं आध्यात्मिक शक्ति जागरण के लिए कुशल प्रशिक्षकों के निर्देशन में साधना करवाई जाएगी।

शिविर के दौरान योगासन, प्राणायाम, दंड, नियुद्ध, खेल प्रतियोगिताएं, चर्चा सत्र, खांडा-पट्टा सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे युवाओं को राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए तैयार किया जा सके।

शिविर का उद्घाटन सत्र 27 मई बुधवार को दोपहर 2 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर सियारामजी महाराज चारणवास, नेता प्रतिपक्ष सीताराम बासनीवाल, बनवारीलाल इंदौरिया उमाड़ा, डॉ. मुकेश शर्मा रेनवाल, मनोज गंगवाल नावां, बसंत शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, नवीन कुमावत, संजय कुमावत एवं जगदीश सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।

शिविर में गजेंद्र सिंह कविया (सीकर), श्याम गुरुजी खाटूश्याम, हृदय रोग विशेषज्ञ एवं योगाचार्य डॉ. मोहित शर्मा (एसएमएस), डॉ. दयाराम जयपुर, योगाचार्य प्रभुदयाल कुमावत किशनगढ़ तथा मुरलीमोहन नागा नासिक सहित कई विशेषज्ञ युवाओं को प्रशिक्षण देंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version