लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेशभर में 18,953 शिविर आयोजित
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में वर्षों पुराने मामलों का हुआ निस्तारण, लाखों नागरिकों को एक ही स्थान पर मिली सरकारी सेवाएं
जयपुर (रितु मेहरा)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर सुशासन और त्वरित जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं। 12 जून से 15 जुलाई तक राज्यभर में कुल 18,953 सेवा शिविरों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से लाखों लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री की नियमित मॉनिटरिंग और प्रशासनिक समन्वय के चलते इन शिविरों का प्रभाव शहरों से लेकर गांवों तक दिखाई दिया तथा वर्षों से लंबित कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में 10,564 सेवा शिविर
ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित 10,564 सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में राजस्व और जनकल्याण से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें—
- 1,90,962 नामांतरण
- 46,885 पत्थरगढ़ी एवं सीमाज्ञान
- 26,711 आपसी सहमति से विभाजन
- 17,696 रास्तों के प्रकरणों का समाधान किया गया।
इसके अलावा 2.19 लाख राजस्व अभिलेखों का शुद्धिकरण, 3.37 लाख से अधिक जाति, मूल निवास और हैसियत प्रमाण-पत्र जारी किए गए। वहीं 2.12 लाख से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण और 1.02 लाख से अधिक पट्टों का वितरण भी किया गया।
24 लाख से अधिक लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ
ग्रामीण सेवा शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। सरकार के अनुसार—
- 24.84 लाख से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार
- 11.08 लाख नागरिकों की टीबी स्क्रीनिंग
- 4.65 लाख महिलाओं की ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 3.11 लाख से अधिक तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 47 हजार से अधिक पॉलिसियों का वितरण किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जनधन योजना और जनआधार से जुड़े हजारों मामलों का भी निस्तारण किया गया।
शहरी क्षेत्रों में 8,389 शिविर
शहरी क्षेत्रों में आयोजित 8,389 सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें—
- 42,252 पट्टे जारी
- 13,242 नाम हस्तांतरण
- 7,186 भवन मानचित्र प्रकरणों का निस्तारण
- 1,00,897 जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण
- 18,590 पीएम स्वनिधि ऋण आवेदन
- 41,442 नए विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए गए।
स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं पर भी फोकस
शिविरों के दौरान शहरी क्षेत्रों में 67,646 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, 22,104 नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गईं तथा 27,509 कचरा संभावित स्थलों का उन्मूलन किया गया। वहीं पालनहार योजना के तहत 12,540 सत्यापन भी किए गए।
राज्य सरकार का कहना है कि इन सेवा शिविरों का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और पात्र लोगों को बिना अनावश्यक प्रक्रिया के त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। सरकार के अनुसार यह पहल अंत्योदय और सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
