लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में कल रविवार को मुख्यमंत्री 128 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा का भी शुभारंभ करेंगे, जिससे दूरदराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, डीलक्स बसों में केटरिंग सेवा का आरंभ किया जाएगा, जिसके तहत यात्रियों को यात्रा के दौरान उनकी सीट पर ही पेय और खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।
नवीन बसों का विवरण
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा खरीदी गई ये 128 ब्ल्यू लाइन बसें नवीनतम प्रदूषण मानक और तकनीकी से लैस हैं। इन्हें पूरे प्रदेश में आगारवार आवंटित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले एक माह में निगम द्वारा कुल 300 बसें यात्रियों की सुविधा हेतु शामिल की जा चुकी हैं।
ग्रामीण बस सेवा – ‘आपणी बस-राजस्थान रोडवेज’
मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ की जाने वाली ग्रामीण बस सेवा का नाम ‘आपणी बस-राजस्थान रोडवेज’ रखा गया है। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में डीलक्स बसों का संचालन होगा और यात्रियों को निःशुल्क व रियायती यात्रा सुविधाएँ प्राप्त होंगी। यह सेवा आदिवासी और मरूस्थलीय क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश के ग्रामीणों के लिए उपलब्ध होगी।
डीलक्स बसों में केटरिंग सुविधा
वोल्वो, स्केनिया और एसी डीलक्स बसों में सशुल्क केटरिंग सुविधा शुरू की जाएगी। यात्रियों को सुबह, दोपहर और शाम के समय मैन्यू के अनुसार पेय और खाद्य सामग्री सीधे सीट पर उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे यात्रा और भी आरामदायक होगी।
इस पहल से प्रदेश के ग्रामीण और शहरी यात्रियों दोनों को आधुनिक, सुविधाजनक और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा।