लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जन्मदिन सोमवार को राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बना रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन सहित अनेक केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई संदेश भेजे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान के विकास के लिए उल्लेखनीय प्रयास कर रहे हैं और युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण के साथ प्रदेश की संस्कृति और विरासत के संरक्षण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों—नीतिश कुमार, योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, हिमंत बिस्वा सरमा, मोहन यादव, नायब सैनी, पुष्कर सिंह धामी, भूपेंद्र पटेल, विष्णु देव साय सहित अन्य—ने दूरभाष और सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, धर्मेन्द्र प्रधान, गजेन्द्र सिंह शेखावत, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण रिजिजू सहित कई नेताओं ने भी बधाई संदेश भेजे। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व अशोक गहलोत सहित अनेक राजनीतिक हस्तियों ने भी शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री निवास पर हजारों की संख्या में आमजन पहुंचे और जनसेवक मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। पूरे दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जन्मदिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड करता रहा।