लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हरियालो राजस्थान अभियान को मिली नई उड़ान
भरतपुर। राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान के तहत बुधवार को महारानी श्री जया (एमएसजे) महाविद्यालय परिसर में संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने हजारे का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पौधारोपण के बाद संभागीय आयुक्त ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर स्थायी हरित विकास का सफल मॉडल बन सके।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, सचिव प्रताप सिंह सहित नगर निगम, वन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर हरित राजस्थान के निर्माण का संकल्प लिया।
नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार एमएसजे कॉलेज परिसर को मियावाकी तकनीक से विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत करीब 15 हजार देशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे परिसर को सघन ग्रीन जोन के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस ग्रीन जोन में रोहिड़ा, कुमठ, शीशम, चामरोड़, अडूसा, दंती, अमलताश, अर्जुन, बहेड़ा और जामुन सहित विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों के विकसित होने से न केवल महाविद्यालय परिसर हराभरा होगा, बल्कि शहर के पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता और स्वच्छ वायु को भी मजबूती मिलेगी।
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत शुरू की गई यह पहल भरतपुर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।