लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। समदड़ी कस्बे के खत्रियों की वास क्षेत्र में गंदे पानी की निकासी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर पालिका ने नाली निर्माण के बजाय सीमेंट के पाइप डालकर केवल औपचारिकता पूरी की है, जिससे समस्या का समाधान होने के बजाय और गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खत्रियों की वास की अधिकांश नालियां गंदे पानी और कचरे से अटी पड़ी हैं। निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारी भी नियमित और प्रभावी सफाई नहीं करते, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ललेची माता रोड पर गोपजी कंदोई की दुकान के पास नगर पालिका की ओर से दो स्थानों पर सीमेंट के पाइप डाले जा रहे हैं। उनका आरोप है कि इन पाइपों से केवल एक नाली का पानी ही निकलेगा, जबकि खत्रियों की वास की अन्य नालियों का पानी रुक जाएगा। इससे मोहल्ले में जलभराव और गंदगी की समस्या और बढ़ने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि बरसात के दौरान ललेची माता की पहाड़ियों से तेज बहाव के साथ पानी इस क्षेत्र में आता है। ऐसे में सीमेंट के पाइप क्षतिग्रस्त होने या मिट्टी से भर जाने की संभावना बनी रहेगी, जिससे भविष्य में नालियों की सफाई और जल निकासी और अधिक प्रभावित होगी।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि नगर पालिका को अस्थायी समाधान के बजाय नई नालियों का निर्माण कराना चाहिए। साथ ही क्षेत्र में सीसी रोड या इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी कराया जाए, क्योंकि वर्तमान सड़कें और नालियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। उनका कहना है कि अब समदड़ी नगर पालिका बनने के बाद नाली निर्माण, सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था के लिए अलग से बजट उपलब्ध है, इसलिए उसका उपयोग कर आमजन को स्थायी राहत दी जानी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाकर जल निकासी, नालियों की नियमित सफाई और सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को गंदगी, जलभराव और संभावित मौसमी बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।
