लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र के निकट वर्ती सवाईमाधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा में प्रतिवर्ष चौथमाता के दर्शनार्थ लगने वाले लक्खी मेले में जाने वालों का रैला बुधवार से शुरू हो गया जो गुरुवार को भी दिनभर जारी रहा ।आस्था और श्रद्धा के सैलाब में प्रतिवर्ष कोटा ,बूंदी टोंक ,जयपुर से माघ कृष्ण चतुर्थी को चौथ माता के दर्शनार्थ लाखों श्रद्धालु चौथ का बरवाड़ा जाते हैं ।इन श्रद्धालुओं का रेला उनियारा इंद्रगढ़ मार्ग ,उनियारा नैनवां मार्ग तथा टोंक सवाईमाधोपुर हाइवे पर दिखाई दिया ।बड़ी संख्या में पैदल यात्री डीजे की धुनों पर नाचते गाते जाते नजर आए ।इन मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए लोगों ने जगह जगह भंडारे लगाए ।जहां लोगों को पेटभर खाना ,नाश्ता, चाय,पानी की व्यवस्थाएं की गई ।

शहर में इंद्रगढ़ रोड़ पर चामुंडा माता सेवा समिति ,नैनवां रोड़ पर विधुतेश्वर महादेव मंदिर में जनसहयोग से बाबा रामदेव सेवा समिति की ओर से प्रतिवर्ष की तरह भंडारे शुरू किए गए जहां सेवादार श्रद्धालुओं को विशेष आग्रह कर भोजन करवाते नजर आए ।स्थानीय पुलिस द्वारा भी थाना क्षेत्र से गुजर रहे मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से दिनरात लगातार गश्त करते दिखाई दिए ।