लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और सांसद दामोदर अग्रवाल ने किया हमीरगढ़ हवाई पट्टी का निरीक्षण
सत्यनारायण सेन गुरला
भीलवाड़ा । वस्त्र नगरी भीलवाड़ा को जल्द ही नियमित हवाई सेवा की सौगात मिल सकती है। इसी सिलसिले में केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और भीलवाड़ा के सांसद दामोदर अग्रवाल ने हमीरगढ़ हवाई पट्टी का संयुक्त रूप से विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां उपलब्ध नागरिक उड्डयन बुनियादी ढांचे और आगामी विकास कार्यों की संभावनाओं का जायजा लिया।
हवाई संपर्क के लिए बड़ा कदम
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भीलवाड़ा देश का एक प्रमुख वस्त्र एवं औद्योगिक केंद्र है, इसलिए इसे देश के प्रमुख महानगरों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हमीरगढ़ हवाई पट्टी के तकनीकी विकास और यहां से नागरिक उड़ानें शुरू करने के लिए हरसंभव नीतिगत प्रयास कर रही है।
सांसद दामोदर अग्रवाल के प्रयास रंग लाए
सांसद दामोदर अग्रवाल लंबे समय से इस हवाई पट्टी को उन्नत करने और भीलवाड़ा को उड़ान योजना के तहत जोड़ने की मांग उठाते रहे हैं। सांसद ने बताया कि दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानों की भारी मांग है।
उन्होंने कहा कि नियमित हवाई सेवाएं शुरू होने से क्षेत्र के वस्त्र उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही विमानन कंपनियों को आकर्षित करने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना को लगातार उन्नत किया जा रहा है।
टेक्सटाइल फेडरेशन के कार्यक्रम में भी हुए शामिल
हवाई पट्टी के निरीक्षण के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के वार्षिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल हुए। इस संगठन के अध्यक्ष स्वयं सांसद दामोदर अग्रवाल हैं।
इस अवसर पर स्थानीय उद्यमियों और नागरिकों ने दोनों नेताओं का स्वागत करते हुए भीलवाड़ा में हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर आभार व्यक्त किया।