लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांग्रेस द्वारा AI समिट का विरोध राष्ट्रहित के विरुद्ध – शंकर गोरा
नई दिल्ली । आयोजित अंतरराष्ट्रीय AI समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम स्थल में घुसकर विरोध प्रदर्शन किए जाने के विरोध में आज भारतीय जनता युवा मोर्चा, राजस्थान ने प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस बॉर रूम का घेराव किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपनी नाराज़गी दर्ज कराई।
प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी प्रगति, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता को स्वीकार कर रहा है, तब कांग्रेस द्वारा ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन का विरोध करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए कहा कि इस प्रकार का आचरण भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करने का प्रयास प्रतीत होता है।
उन्होंने आगे कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत डिजिटल क्रांति और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रहा है। ऐसे समय में विपक्ष द्वारा राष्ट्रहित से जुड़े आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न करना कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है।
शंकर गोरा ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रविरोधी एवं विकास-विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेशभर में कांग्रेस की इस मानसिकता के विरुद्ध जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि युवाओं को यह बताया जा सके कि किस प्रकार कांग्रेस देश की प्रगति में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में “राष्ट्रहित सर्वोपरि” का संकल्प दोहराते हुए देश की प्रगति एवं सम्मान की रक्षा के लिए सतत संघर्ष का संकल्प लिया।








































